रामपुरा कस्बे के सर्राफा बाजार में चोरी की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू करा दी गई है। पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की रात थाना रामपुरा में तैनात उपनिरीक्षक जगदीश, आरक्षी अनिल कुमार और आरक्षी रामकेश की ड्यूटी सर्राफा बाजार में रात्रि गश्त के लिए लगाई गई थी।
इसी दौरान बाजार में चोरी की घटना हो गई। ड्यूटी पर तैनात होने के बावजूद चोरी की वारदात होने को पुलिस अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी सुरेश चंद्र रावत ने उपनिरीक्षक जगदीश, आरक्षी अनिल कुमार और आरक्षी रामकेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि में तीनों पुलिस लाइन उरई में रहेंगे और बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।