लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस के एसी कोच में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन 20 मिनट उरई स्टेशन पर खड़ी रही। तकनीकी स्टाफ ने कोच में आई खराबी को दूर किया। बुधवार की सुबह 2:32 बजे पुष्पक एक्सप्रेस उरई स्टेशन पर आकर रुकी। निर्धारित दो मिनट के स्टापेज के बाद ड्यूटी पर मौजूद डिप्टी एसएस डीके व्यास ने ट्रेन को ग्रीन सिग्नल दिया, लेकिन ट्रेन आगे नहीं बढ़ी।
पता चला कि ट्रेन के एसी कोच में दिक्कत है। इस पर चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम झांसी को दी। रेलवे के कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्लू) स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर एसी कोच में आई खराबी को दूर किया। इसके चलते ट्रेन 2.32 बजे से 2.53 बजे तक खड़ी रही। यात्रियों को परेशानी हुई। यात्रियों ने बताया कि कानपुर स्टेशन पर भी इसी तरह की दिक्कत आई थी लेकिन वहां समस्या ठीक कर दी गई थी। डिप्टी एसएस डीके व्यास ने बताया कि तकनीकी समस्या थी। एसी काम नहीं कर रहा था, खराबी को दूर कर दिया गया।
रोकी गई छपरा मेल
झांसी-कानपुर रेल मार्ग के उसरगांव से चौराहे रेलवे स्टेशन के बीच चल रहे दोहरीकरण के काम के चलते एक घंटे का पावर और ट्रैफिक ब्लाक लिया गया। इसके चलते छपरा मेल पुखरायां स्टेशन पर खड़ी रही।
रेल विकास निगम
लिमिटेड की कार्यदायी संस्था ने बुधवार दोपहर 3.55 से 4.55 बजे तक ट्रैफिक और पावर ब्लाक लिया गया था। इससे कई ट्रेनें फंसी रहीं। बरौनी से ग्वालियर जाने वाली छपरा मेल पुखरायां रेलवे स्टेशन पर 3.55 बजे से 4.17 बजे तक 22 मिनट खड़ी रही। ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल को उसरगांव स्टेशन पर रोका गया। ट्रेन को उरई स्टेशन पर भी रोका गया।