जालौन जिले में चोरों ने किराना दुकान की दीवार में सेंध लगाकर नगदी सहित तीन लाख का समान पार कर दिया। मालिक को घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब आसपास के दुकानदारों ने दुकान में छेद देखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। बुधवार शाम को रोज की तरह आटा निवासी दुर्गेश पुत्र शिवकुमार अपनी किराना की दुकान में ताला डालकर घर चला गया था।
तभी देर रात मौके का फायदा उठाकर चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर गोलक से 25 हजार की नगदी सहित अखरोट के गत्ते, अंजीर गत्ता, मखाने के गत्ते के साथ करीब तीन लाख का माल पार कर दिया। सुबह जब आसपास के दुकान के कर्मी आए तो उन्होंने दीवार फूटी देख दुर्गेश को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच में जुट गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।
दुकानदारों को जब इस चोरी के बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर 112 पुलिस के साथ-साथ थाना पुलिस भी तैनात रहती है। लेकिन जब चोरी हो रही थी उस वक्त पुलिसकर्मी कहां सो रहे थे। पुलिस की इस लचर व्यवस्था से व्यापारियों में आक्रोश है।