जालौन जिले के उरई में लूट की योजना बना रहे पांच शातिर अपराधियों को एसओजी सर्विलांस व कोतवाली पुलिस ने सोमवार की सुबह झांसी कानपुर-हाईवे स्थित करमेर ओवरब्रिज के पास से मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचा व चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित करमेर ओवरब्रिज के पास सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पांच बदमाश लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस को आता देख बदमाशों ने भागते हुए फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश औरैया जनपद के अजीतमल थाना क्षेत्र के दलेल नगर निवासी सलाम गुर्जर व अनवार घायल हो गए। दलेलनगर निवासी शहजाद, इकराम व कानपुर देहात के मूसा नगर निवासी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस को चोरी के आभूषण व तमंचे बरामद हुए हैं। दोनों घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।