उरई। एक दिन पहले संचालकों का चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से निपटने के बाद समिति अध्यक्ष के चुनाव में कई जगह बवाल हुआ। इटौरा में प्रत्याशी अमित द्विवेदी पर कार चढ़ाई दी गई। अमित के घायल होने पर वहां बवाल हो गया। लोगों ने चंडौत मार्ग पर जाम लगा दिया। डकोर ब्लॉक के जैसारी कला में प्रत्याशी का पर्चा फाड़ दिया गया। प्रत्याशी के पति के साथ मारपीट भी की गई। माधौगढ़ ब्लॉक के डकोर में समिति में मतदान से पहले ही ताला जड़ दिया गया।
कदौरा ब्लॉक के अकबरपुर इटौरा में सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर चुनाव में पूर्व प्रधान अमित द्विवेदी ने पर्चा दाखिल किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें चुनाव लड़ने से मना किया जा रहा है। मोबाइल फोन से उन्हें लगातार धमकी दी जा रही थी। उनके पर्चे और कागजात सफेद रंग की पुलिस की गाड़ी में रखकर ले जाए जा रहे थे। रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी उन्हीं के ऊपर चढ़ा दी। इससे उनके पैर में चोट आई है। इसको देखते ही गांव में तनाव की स्थिति खड़ी हो गई। कुछ देर के लिए पुलिस से झड़प भी हो गई। अमित ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कालपी-चंडौतमार्ग पर जाम लगा दिया।
दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे सीओ कालपी देवेंद्र पचौरी के समझाने पर अमित इलाज के लिए राजी हुए। इसके बाद सीओ की गाड़ी से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सीओ कालपी देवेंद्र पचौरी ने बताया कि समिति में चुनाव के दौरान अमित को कुछ शक था। इसके बाद वह एक गाड़ी के आगे आए। फिलहाल ज्यादा चोट नहीं आई है। पुलिस द्वारा गाड़ी चढ़ाने की बात उनके संज्ञान में नहीं है। फिलहाल तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी। बवाल की सूचना मिलते ही कालपी, कदौरा व आटा की पुलिस से भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गया। पुलिस देर शाम तक गांव में मौजूद रही।
मुहम्मदाबाद संवाद के अनुसार डकोर ब्लॉक के जैसारीकला गांव की सहकारी समिति में प्रत्याशियों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें अध्यक्ष पद की एक प्रत्याशी का पर्चा फाड़ दिया गया। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में लात-घूंसे तक चल गए। इससे कुछ देर तक चुनावी प्रक्रिया बाधित हो गई। सुरक्षा व्यवस्था में पहले से मौजूद डकोर पुलिस ने बीच-बचाव कराया। इसके बाद सूचना देकर अन्य थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। महिला प्रत्याशी का दूसरा पर्चा भरा गया इसके बाद चुनाव शुरू हुए। इसमें रामवती को चार मत मिले। उनके सामने चुनाव लड़ रहीं संगीता देवी पांच मत पाकर विजयी रहीं। उपाध्यक्ष पद पर अवधेश कुमार निर्विरोध चुने गए हैं।
कुसमिलिया साधन सहकारी समिति से बीरेंद्र सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष इकहरा के आशीष चुने गए हैं। डकोर की साधन सहकारी समिति में सुमन देवी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इसी के साथ उपाध्यक्ष पद के लिए काला भी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
रामपुरा ब्लॉक क्षेत्र की सभी साधन सहकारी समितियों में रविवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ। इसमें रामपुरा साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष के रूप में राधा सिंह राजावत को चुना गया। जगम्मनपुर में नेहा चंदेल, सिद्धपुरा में प्रेमनारायन भेलावली अध्यक्ष बने। बहादुरपुर से जयचंद्र, टीहर से सूरजभान सिंह सेंगर, नावर से रामू, ईंटों से श्रीप्रकाश दीक्षित को अध्यक्ष चुना गया।
माधौगढ़ संवाद के अनुसार साधन सहकारी समिति धमना से उदय सिंह, गोहन से शिवम सिंह राजावत, गोरा भूपका से मिथलेश देवी सेंगर, सरावन से ज्ञानवती राठौर, रुदपुरा से रीता भदौरिया, मिझौना से राजदीप, हरौली से महेंद्र प्रताप सिंह, अमखेड़ा से नारायण देवी निर्विरोध चुने गए। अटागांव समिति से राजकुमार ने प्रतिद्वंद्वी विनोद सिंह को एक वोट से हराया। साधन सहकारी समिति अमखेड़ा से नारायण देवी ने पांच मत पाकर प्रतिद्वंद्वी सत्यनारायण को तीन मतों से हराया। साधन सहकारी समिति गोपालपुरा में अरविंद प्रताप सिंह और विश्राम सिंह महोई ने पर्चा भरा। मतदान से पहले ही निर्वाचन अधिकारी सचिन कुमार और विवेक कुमार गुप्ता समिति में ताला लगाकर चले गए। इस पर एसडीएम अंगद सिंह ने नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
कुठौंद ब्लाक की कुठौंद समिति से मंजू देवी अध्यक्ष बनीं। मदारीपुर से सुशील दीक्षित जीते। हदरुख से अंजना देवी अध्यक्ष, चंद्रशेखर उपाध्यक्ष बने। सिरसा कलार समिति से अनिल कुमार सिंह अध्यक्ष, अशर्फी कुशवाहा उपाध्यक्ष बने। जखा समिति से अध्यक्ष श्रीकृष्ण कुशवाहा, उपाध्यक्ष अतबल सिंह पाल चुने गए। भदेख समिति से अध्यक्ष करण सिंह, उपाध्यक्ष किरण देवी चुनी गईं। रोमई समिति से सत्य प्रकाश तिवारी अध्यक्ष, ईंटों से श्री प्रकाश दीक्षित अध्यक्ष, बावली से राघवेंद्र अध्यक्ष, उपाध्यक्ष श्याम करण चुने गए।
महेवा संवाद के अनुसार नियामतपुर साधन सहकारी समिति से रविंद्र सिंह अध्यक्ष, बृज नारायण उपाध्यक्ष चुने गए। दमरास समिति से रानी देवी को अध्यक्ष और शिव शंकर को उपाध्यक्ष चुना गया। बाबई साधन सहकारी समिति से शिवेंद्र सिंह लोना अध्यक्ष और रामकुमार को उपाध्यक्ष पद बनाया गया। महेवा से शैलेंद्र सिंह हिम्मतपुर को अध्यक्ष और रामपाल सिंह सिकरी रहमान पुर उपाध्यक्ष चुना गया। कदौरा में अध्यक्ष मंगल प्रसाद तिवारी, उपाध्यक्ष पद पर दिनेश को निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
इनसेट
जुझारपुरा में दशरथ, पिरौना में जगराम जीते
अधिकतर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीते
संवाद न्यूज एजेंसी
कोंच। ब्लॉक की अधिकतर समितियों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी ही जीते। सहकारी समिति जुझारपुरा में अध्यक्ष पद पर दशरथ सिंह पटेल भदेवरा, उपाध्यक्ष पद पर शशांक पटेल जीते। पिरौना सोसाइटी में अध्यक्ष पद पर जगराम बाबूजी चांदनी निर्विरोध चुने गए।
सहकारी समिति दिरावटी में अध्यक्ष पद चंद्र देवी पटेल, उपाध्यक्ष पद पर छोटेराजा चुने गए। सहकारी समिति अंडा में अवध किशोर को अध्यक्ष तथा शंकर सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया। सहकारी समिति पहाड़गांव में अध्यक्ष पद पर सत्येंद्र कुमार तथा उपाध्यक्ष पद पर चंद्रभान चुने गए। सहकारी समिति कनासी में श्याम चरण को अध्यक्ष, सहकारी समिति तीतरा खलीलपुर में अनूप पटेल को अध्यक्ष, सहकारी समिति कैलिया में शिवपाल सिंह को अध्यक्ष चुना गया।
इनसेट
छिरिया सलेमपुर से चुने गए दर्शन सिंह
जालौन। साधन सहकारी समिति लिमिटेड छिरिया सलेमपुर में दर्शन सिंह को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। कैंथ साधन सहकारी समिति लिमिटेड कुंवरपुरा में कृष्ण कुमार द्विवेदी नारायणपुरा को अध्यक्ष, दिनेश तिवारी कुंवरपुरा को उपाध्यक्ष चुना गया। नदी गांव से अरुण कुमार अध्यक्ष चुने गए हैं। (संवाद)