महोई गांव के पास लिफ्ट कैनाल के सामने सोमवार शाम कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों में चार साल की बच्ची और 17 वर्षीय किशोर भी शामिल हैं। घटना से परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे ग्राम महोई के पास कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। बाइक पर एक पुरुष, एक महिला, 17 वर्षीय किशोर और महिला की गोद में चार साल की बच्ची सवार थी। सूचना मिलते ही सीओ माधौगढ़, थाना प्रभारी और बंगरा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों को बाहर निकाला।
हादसे में नृपेंद्र सिंह (32), पार्थ (17) निवासी नया रामनगर, उरई और मानवी (4) पुत्री राहुल वर्मा निवासी बरुआसागर, झांसी की मौत हो गई। वहीं, आरती वर्मा (30) पत्नी राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले सीएचसी जालौन ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। परिजनों को सूचना देकर शवों को मोर्चरी भिजवा दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।