जब वी सेपरेटेड नाटक की जानकारी देते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
‘जब वी सेपरेटेड’ नाटक की पहली प्रस्तुति दो सितंबर को कानपुर के लाजपत भवन में की जाएगी। नाटक की कहानी आम लोगों से जुड़ी है। कहानी में बताया गया है कि कैसे आजकल के युवा दंपतियों की जिंदगी में शक आ जाता है और अंतत: स्थिति तलाक तक पहुंच जाती है। इसमें राहुल भुचर (निर्माता) व अभिनेत्री श्वेता तिवारी लंबे समय बाद नजर आएंगी।
शुक्रवार को नाटक के निर्देशक राकेश बेदी ने कानपुर क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि नाटक में बताया जाएगा कि अविश्वास या नियमित उपेक्षा का सामना करने वाले आज के युवा दंपति बस एकमात्र शॉर्टकट तलाक की ओर कैसे मुड़ जाते हैं। इसमें दिलचस्प ड्रामा है। निर्माता हास्य और व्यंग्य से भरपूर इस नाटक में कुछ पल ऐसे भी आएंगे जहां आपकी आंखेें नम हो जाएंगी।
राहुल भुचर ने कहा कि यह नाटक कई समसामयिक सवाल उठाता है और अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दौरान दर्शकों को पूरी तरह से बांधे रखने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मैंने कानपुर वालों से वादा किया था कि मैं अपने अगले नाटक की पहली प्रस्तुति शहर में ही दूंगा। इसलिए नाटक का प्रदर्शन कानपुर में किया जा रहा है। अगले नाटक की भी प्रस्तुति कानपुर में ही सबसे पहले दी जाएगी।