आईआईटी कानपुर दुनिया भर के बच्चों को खेती का ज्ञान देगा। संस्थान ने तीन मूक कोर्स की शुरुआत की है जिसके लिए 27 देशों के दस हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
पंडित मदन मोहन मालवीय नेशनल मिशन ऑन टीचर्स एंड टीचिंग और कॉमन वेल्थ ऑफ लर्निंग, कनाडा की ओर से ये कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। तीनों मूक कोर्स 21 अप्रैल से शुरू होंगे।
अभी तक मूक कोर्स एकीकृत कीट प्रबंधन में 3747, कृषि विस्तार के बुनियादी ढांचे में 3592 और कृषि उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को रोजगार सृजन में 3334 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।
इन कोर्स को संस्थान के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. टीवी प्रभाकर की अगुवाई में तैयार किया गया है। इसके लिए रजिस्ट्रेेशन अभी भी जारी हैं। इच्छुक लोग www.agmoocs.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पढ़ाई ऑनलाइन ही होगी।
ये हैं मूक कोर्स
आठ सप्ताह का एकीकृत कीट प्रबंधन का कोर्स अंग्रेजी भाषा में। इस पाठ्यक्रम में कीट, उनके प्रकोप के कारण फसल के नुकसान, कीटों के प्रकार और निगरानी के तरीके, नमूनाकरण के तरीके और कीट से आबादी के आर्थिक नुकसान के स्तर के बारे में बताया जाएगा।
आठ सप्ताह का कृषि विस्तार के बुनियादी ढांचे का कोर्स अंग्रेजी भाषा में। यह पाठ्यक्रम उद्देश्यों, सिद्धांतों, दर्शन और विस्तार के आयामों से संबंधित है।
छह सप्ताह का कृषि उद्यमिता के माध्यम से ग्रामीण युवाओं के रोजगार सृजन का कोर्स हिंदी व अंग्रेजी भाषा में। इसमें कौशल विकास एवं उद्यमिता पर चर्चा होगी। जानकारी दी जाएगी कि किस तरह कृषि बड़ी उद्यमिता के कारण बड़े स्तर पर युवाओं को रोजगार दे सकती है।