इटावा। मैं फिर से देश के लिए लड़ने को तैयार हूं। कारगिल युद्ध की यादें आज भी मेरे जेहन में ताजा हैं। जब भी सेना का आदेश आएगा, मैं बार्डर पर ख़ड़ा नजर आऊंगा। यह बात सेवानिवृत्त नायक सूबेदार केके त्रिपाठी ने ॉपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया देते हुए कही। वह सेना में सहायक टीम के सदस्य रहे हैं। उनका दो टूक कहना है कि बार-बार कार्रवाई करने से बेहतर होगा कि एक बार में ही पाकिस्तान को नेस्तनाबूत कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के समय उन्हें मलेरिया हो गया, इसके चलते श्रीनगर के बेस कैंप में उनका इलाज चला था। उस दौरान युद्ध चरम पर था। जिस अस्पताल में वह भर्ती थे, उसमें घायल सैनिक लाए जा रहे थे। बताया कि वह बुखार से पीड़ित होने के बाद भी अस्पताल में मरीजों की देखभाल करने की व्यवस्था संभाले हुए थे।
कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिक श्यामवीर यादव ने बताया कि उन्होंने कारगिल युद्ध में लगातार ढाई माह तक युद्ध लड़ा था। पहले उनकी कंपनी की ओर से एक माह तक युद्ध लड़ा गया। फिर 10 दिन के आराम के बाद दोबारा से टाइगर हिल को दुश्मनों के हाथों से मुक्त करवाने के लिए कंपनी भेजी गई। बताया कि अभी युद्ध जैसे हालात नहीं है, लेकिन भारत की ओर से तैयारी पूरी है। अगर पाकिस्तान की ओर से हिमाकत की गई तो पाक को इसके बहुत बुरे परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
कारगिल युद्ध का हिस्सा रहे दोनों सैनिकों ने कहा कि भारतीय सेना सही समय पर सही जवाब दिया है। हमने पाकिस्तान के निर्दोष लोगों को नहीं मारा। पाक में छिपे आतंकियों पर कार्रवाई की है। आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में कड़ा जवाब देने की जरूरत है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि भारत सरकार ने सेना को खुली छूट देकर उनका हौसला बढ़ाने का काम किया है। देश की सेनाएं हर एक हमले का जवाब देने में पूरी तरह से सक्षम हैं।