कानपुर। जौनपुर में पकड़े गए पांच अंतरराज्यीय असलहा तस्करों के मामले में मेस्टनरोड के शस्त्र विक्रेता अब्बास का भी नाम जुड़ गया है। सूत्राें के अनुसार पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद दो बंदूकें और करीब 200 कारतूस अब्बास ने तस्कर शुभम को बेचे थे। अब्बास और तस्करों का सरगना शुभम सिंह पांच साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। जौनपुर पुलिस अब्बास से पूछताछ कर रही है। ऐसे में अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई गई है। वहीं, शुभम के खिलाफ भी चार साल पहले सचेंडी थाने में असलहों की तस्करी का मामला दर्ज है।
शनिवार को जौनपुर पुलिस ने बड़ी संख्या में असलहों के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया था। सरगना शुभम की पूछताछ में कानपुर मेस्टनरोड में स्थित हैरिस गन हाउस के संचालक अब्बास का नाम सामने आया। कुछ घंटे बाद ही जौनपुर पुलिस कानपुर पहुंची। दुकान पर बैठे अब्बास को लेकर चली गई। अब्बास ने यह असलहे कब और कितने में बेचे गए अभी इसका खुलासा नहीं हो सका। पुलिस सूत्राें के अनुसार अब्बास और शुभम के बीच कई बार असलहों की खरीद फरोख्त हुई है। उनकी कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडे ने बताया कि जौनपुर पुलिस अभी जांच कर रही है। उनकी रिपोर्ट के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सचेंडी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था शुभम
करीब पांच साल पहले शुभम सिंह कानपुर की सचेंडी पुलिस को भी चकमा देकर भाग चुका है। जनवरी 2022 में चकरपुर से एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बीच चेकिंग के दौरान पुलिस ने ग्रे कलर की क्विड कार को रोका। उसमें सवार दो लोग दूसरी गाड़ी से लिफ्ट लेकर भाग निकले थे। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो फैक्टरी मेड दो राइफल जिनका नंबर खुरचा हुआ था और कुछ कारतूस मिले थे। जौनपुर पुलिस का कहना है कि उक्त मामले में सचेंडी पुलिस ने शुभम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।