कानपुर देहात। दो दिन से हो रही तेज धूप व उमस के बीच गुरुवार सुबह नौ बजे आसमान में बादल छा गए। तेज हवा संग बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से अकबरपुर पुल के नीचे जलभराव हो गया। लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं बुधवार रात कई इलाकों में तेज हवा संग बारिश हुई। इससे बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई।
अकबरपुर में सुबह नौ बजे से शुरू हुई बारिश 10 बजे तक हुई। वहीं कुछ देर तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। अकबरपुर हाईवे के सर्विस रोड से जल निकासी न होने की वजह से ओवरब्रिज के नीचे पानी भर गया। इससे पैदल व दो पहिया वाहन सवारों को निकलने में परेशानी होती रही। करीब आधे घंटे बाद पानी निकल सका। इधर बारिश से कुछ देर के लिए मौसम ठंडा हो गया। वहीं दोपहर बाद धूप निकली तो उमस बढ़ गई। इससे लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौविवि, कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार आगामी पांच दिनों में हल्के बादल रहने के कारण मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
...............
बारिश की वजह से स्कूलों में छात्रों की संख्या रही कम
संदलपुर। क्षेत्र में बारिश की वजह से गुरुवार को परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या पचास प्रतिशत से कम रही। वहीं कुछ बच्चें बारिश के दौरान ही भीगते हुए स्कूल जाते दिखे। इससे संविलयन स्कूल गहिलापुर में 123 के सापेक्ष 56, लौवा में 113 के सापेक्ष 44, प्राथमिक विद्यालय हवासपुर में 96 के सापेक्ष 23 बच्चें ही स्कूल पहुंचे। बीईओ संदलपुर अशोक कुमार ने बताया कि बारिश के कारण स्कूलों में बच्चों की संख्या कम रही है। (संवाद)