झींझक का जर्जर नहर पुल। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। सिंचाई खंड दिबियापुर के तीन जर्जर पुलों का नवीनीकरण व दो नए नहर पुलों का निर्माण करने के लिए विभाग ने 13.94 करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार किया है। स्वीकृति के लिए एक्सईएन ने इसे शासन को भेजा है।
रसूलाबाद विधायक निर्मला संखवार ने पूर्व में सिंचाई विभाग को झींझक के जर्जर नहर पुल के नवीनीकरण व सिकंदरा विधायक अजीत सिंह पाल ने अमौली ठकुरान व सिठमरा के जर्जर नहर पुलों का नवीनीकरण, भारत सिंह का पुरवा व बाजपेई पुरवा के सामने नए पुलों के निर्माण के लिए पत्र भेजा था।
इस पर विभाग की ओर से इन तीन पुलों के नवीनीकरण व दो नए पुलों का निर्माण करने के लिए 13 करोड़ 94 लाख 50 हजार रुपये का इस्टीमेट तैयार किया गया है। पुलों का निर्माण होने से क्षेत्रीय लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी।
सिंचाई विभाग के जेई अरविंद यादव ने बताया कि सिंचाई खंड दिबियापुर औरैया में पड़ने वाले कानपुर देहात के तीन जर्जर पुलों के नवीनीकरण व दो नए पुलों के निर्माण के लिए इस्टीमेट अधिकारियों के माध्यम से शासन को भेजा गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।