कानपुर। अलियापुर स्थित आरजीएलवी इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी के आकस्मिक निरीक्षण में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। यहां कक्षा छह से 12 तक वित्तविहीन मान्यता है, लेकिन परिसर में प्राइमरी की कक्षाएं संचालित मिलीं। इंटर काॅलेज में पाठ्य-पुस्तकें और ड्रेस बेचे जाने का मामला सामने आया।
डीआईओएस ने मंगलवार को सुबह 10:43 बजे विद्यालय का निरीक्षण किया। परिषद की वेबसाइट पर पंजीकृत छात्रों की संख्या और मौके पर मौजूद छात्रों की संख्या में अंतर पाया गया। कक्षा नौ में 101 पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष 55, कक्षा 10 में 140 के सापेक्ष 34, कक्षा 11 में 299 के सापेक्ष 87 और कक्षा 12 में 260 के सापेक्ष 70 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। डीआईओएस के मुताबिक विद्यालय प्रबंधन को निरीक्षण में मिली सभी अनियमितताओं पर तीन दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई के लिए परिषद कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।