कानपुर। कल्याणपुर के माधवपुरम में नशे की हालत में तेज रफ्तार बोलेरो चला रहे चालक ने दो गाड़ियों और गाय-बछिया को टक्कर मार दी। हादसे में गाय की मौत हो गई जबकि बछिया गंभीर रूप से घायल हो गई। माधवपुरम निवासी विकास गौतम के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब 10 बजे राम जीवन पब्लिक स्कूल की तरफ से आई बोलेरो ने गली में खड़े लोडर और उनकी कार में टक्कर मारी। इसके बाद गाय-बछिया को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से जा भिड़ी। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि कार मालिक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)