एक जुलाई को इंटरनेशनल जोक्स डे मनाने का मुख्य उद्देश्य हंसना और हंसाना है। आज के दिन अपने आस-पास के लोगों को चुटकुले सुना कर उन्हें हसाएं। दुनिया भले ही अलग-अलग धर्म और संस्कृति में विभाजित हो लेकिन एक बात हर इंसान को एक-दूसरे से जोड़े रखती है वह है हास्य-व्यंग्य।
हंसी-खुशी, मस्ती-मजाक ऐसे भाव हैं जिनका संचार इंसान को इंसान से जोड़ता है। आजकल की तनाव भरी जिंदगी में चुटकुले हमारे तनाव को कम कर हमें खुश रखने में बेहद खास भूमिका निभाते हैं।
जिस प्रकार रोटी, कपड़ा और मकान इंसान के लिए बेहद जरूरी हैं, उसी प्रकार खुशी या हास्य भी जीवन के विकास के लिए बेहद आवश्यक है। इसीलिए इसके फायदे और महत्व को देखते हुए विश्वभर में 1 जुलाई को 'इंटरनेशनल जोक्स डे' मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य हर चेहरे पर मुस्कान लाना और हास्य से पूरी दुनिया को जोड़ते हुए उसे प्रसारित करना है।
सेहत के लिए फायदेमंद है हंसना
- हास्य के जीवन में अपने फायदे हैं फिर चाहे वह मानसिक तनाव को दूर करने के लिए हो या खुश रहने के लिए या शारीरिक स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए। हास्य को 'बेस्ट मेडिसिन' कहा गया है। इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाकर आधी बीमारियों को बिना दवा के भी ठीक किया जा सकता है।
- खुलकर हंसने से हमारे शरीर में खून की गति सही बनी रहती है। जब हम हंसते हैं तो हमारे शरीर में ज्यादा मात्रा में ऑक्सीजन पहुंचता हैं, जो दिल धड़कने की गति को ठीक रखने में मदद करता है।
- हंसने से हमारा इम्यून सिस्टम बेहतर बनता है, जो कई तरह की बीमारियों से लड़ने में फायदा पहुंचाता है। इसलिए स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है कि आप हंसते हुए अपने दिन की शुरुआत करें।
- जवान और खूबसूरत दिखने की हर किसी को चाहत होती है। अगर आप भी उनमें से एक हैं तो खुलकर हंसना शुरू कर दें। क्योंकि जब हम हंसते हैं तो हमारे चेहरे में मौजूद मांसपेशियां अच्छी तरह से काम करने लगती हैं।
- तनाव को दूर करने में जो काम हंसी करती है वह कोई दवाई नहीं कर सकती।
- जब हम हंसते हैं तो हमारे फेफड़ों से हवा तेजी से निकलती है, जिस वजह से हमें गहरी सांस लेने में मदद मिलती है। इससे शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर तरीके से होती है।