अंतरराष्ट्रीय एथलीट संजय सिंह रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने लखनऊ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। संजय सिंह कानपुर में अर्मापुर स्थित आयुध निर्माणी से उप निदेशक पद से रिटायर्ड हैं। हालांकि, निर्माणी की ओर से एथलेटिक (डिस्कस थ्रो) प्रतियोगिता में अभी भी शामिल होते हैं।
संजय सिंह 37 सालों से लगातार डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीत रहे हैं। वर्ष 2015-16 में सिंगापुर में हुई एशियन मास्टर्स एथलेटिक चैंपियनशिप में शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का परचम लहराया था। संजय सिंह जौनपुर के ग्राम माधौपट्टी के निवासी हैं और यहां अर्मापुर इस्टेट, मसवानपुर में रहते हैं। वे 29 सालों से अर्मापुर रामलीला कमेटी के महामंत्री भी हैं।