मौसम विशेषज्ञ बोले अगले दो से तीन दिन तक घने बादलों के साथ बारिश की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों की लुकाछुपी शुरू हो गई थी। इससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर बाद रुक-रुककर कई बार हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। बूंदाबांदी से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री रहा। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमन में एक डिग्री के बढोत्तरी के साथ न्यूनतम तापमान स्थिर रहेगा। दोपहर बाद शुरू हुई बूंदाबांदी से स्कूली बच्चों को भींगते हुए घर जाना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडे ने बताया कि शनिवार तक आसमान में बादलों के साथ बारिश होने की संभावना है।
बताया कि रविवार को धूप के साथ बूंदाबांदी हो सकती है हालांकि अब तापमान में अधिक बढोत्तरी नहीं होगी, एक या दो डिग्री तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वहीं बूंदाबांदी के कारण गुरूवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अन्य दिनों अपेक्षा कम रही। ओपीडी में 825 मरीजों ने उपचार करवाया। इनमें अधिकतम मरीज वायरल व खांसी जुकाम के रहे।
बारिश में गुल हुई बिजली
इकदिल। तेज हवा के साथ हुई बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। गांव कल्यानपुर में बुधवार देर रात को तेज हवा के साथ हुई बारिश में पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन के तार व दो खंभे टूटने से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे गांव में पूरे दिन बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं गुरुवार तार टूट गिरने से आधे गांव की बिजली गुल हो रही। इस दौरान रात में लोग गर्मी व उमस के कारण सो नहीं पाए। जेई कन्हैया लाल ने बताया कि उन्हें शाम के समय सूचना मिली थी। हाइड्रा नहीं मिलने के कारण खंभे नहीं लग सके। शुक्रवार सुबह होते ही गांव में टूटे पोल लगवाकर बिजली सुचारू रूप से चालू करा दी जाएगी। संवाद