महोबा जिले के थाना महोबकंठ के एक गांव में इंटरमीडिएट की परीक्षा में फेल होने से क्षुब्ध छात्रा ने मकान के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिवार के सदस्य खेतों में ईट भट्टा का काम करने गए थे।
गांव चपका निवासी निशा (17) पुत्री विनोद कस्बा जैतपुर के हरवंश सिंह राठौर इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। शुक्रवार की दोपहर परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद जब निशा ने अपना रिजल्ट देखा तो वह फेल थी।
उसके बाद उसने कमरे में फांसी लगा ली। उस समय परिवार के सदस्य खेतों पर काम करने गए थे। घर लौटने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो निशा का शव फांसी पर लटकता मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मृतका के पिता विनोद का कहना है कि पुत्री के फेल होने पर किसी ने भी उसे डांटा भी नहीं। फिर उसने इतना कठोर कदम क्यों उठाया यह किसी की समझ में नहीं आ रहा है।