कानपुर देहात। दिवाली त्योहार को लेकर दस दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। फाल्ट होने पर इन्हें तत्काल अटेंड करने के लिए उपकेंद्र पर लाइनमैनों की टीमें मुस्तैद की गई हैं।
प्रकाश पर्व पर निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले इसकी आस लोग लगाए थे। मुख्य अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को इसके लिए निर्देश दिए हैं। 28 अक्तूबर तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए कहा गया है। हालांकि नलकूप फीडरों को केवल दस घंटे ही बिजली आपूर्ति ही मिलेगी। जिले में 47 उपकेंद्र हैं। करीब 2.75 लाख से अधिक कनेक्शन हैं। घरों व प्रतिष्ठानों को रोशन करने की परेशानी न हो इसके लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं। मुख्य अभियंता रामनरेश ने बताया कि अधिकारियों व कर्मियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है। फाल्ट जल्द से जल्द दुरुस्त हों इसके लिए एक्सईएन, एसडीओ व जेई को निर्देशित किया गया है।
...................
निर्देश के बावजूद अकबरपुर में एक घंटे गुल रही बिजली
कानपुर देहात। मुख्य अभियंता विद्युत ने भले ही निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए हैं, मगर जिला मुख्यालय के नगर में ही इसका पालन नहीं हो रहा है। शनिवार को धनतेरस के दिन बाजार में भीड़ रही। इधर शाम 4:30 बजे बिजली गुल हाे गई। काफी देर बिजली नहीं आयी तो लोगों ने उपकेंद्र से जानकारी की। इसपर जेई ने बताया कि एक घंटे की रोस्टिंग है। अकबरपुर में करीब छह हजार कनेक्शन हैं। शाम 5:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश के बाद भी त्योहार पर की गई इस रोस्टिंग ने कारोबारियों ने नाराजगी जताई है। एसडीओ अकबरपुर डीपी सिंह ने बताया कि केवल दीवाली वाले दिन 24 घंटे बिजली आपूर्ति का कोड आया है। जैनपुर ग्रिड उपकेंद्र के जेई अशोक राम ने बताया कि 28 अक्तूबर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति का कोड दिया गया है। (संवाद)