कानपुर देहात। जिले में चोरों का कहर लगातार जारी है। वह रात में चुपके से या फिर दिनदहाड़े लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। घटना होने के बाद प्रारंभिक जांच में ही पुलिस घटना को संदिग्ध बता कर किनारा कर रही है। कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। जिनमें रिपोर्ट दर्ज हुए उनके खुलासे नहीं हो सके हैं। इसके कुछ दिन बाद मामला ठंडे बस्ते में पहुंचा दिया जा रहा है।
खून पसीने की मेहनत की कमाई का पता लगाने के लिए पीड़ित थानों से लेकर अधिकारियों की चौखट के चक्कर काट रहे हैं। लगातार जिले में हो रही इन घटनाओं से डरे सहमे लोग मित्र पुलिस की नाकामियों की गाथा गा रहे हैं। स्थानीय पुलिस हो या फिर उच्च अधिकारी इन घटनाओं पर थोड़ा भी गंभीर नहीं दिख रहे हैं। इससे चोर बेखौफ होकर क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं पर यदि एक नजर डालें तो मित्र पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठना लाजमी है।
..............
इन मामलों में खुलासा नहीं कर पा रही पुलिस
थाना डेरापुर
डेरापुर थाना क्षेत्र में घटना के पांच माह बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है। 20 जनवरी को चोरों ने मवई मुक्ता के पंचायत सचिवालय से सामान चोरी कर लिया था। मामले में प्रधान मीना देवी व पंचायत सचिव दिलीप कुमार ने पुलिस से शिकायत की थी। 16 जनवरी को मुर्रा निवासी अंबरीष कुमार के घर को निशाना बनाकर चोर नकदी सहित ढ़ाई लाख के जेवर ले गए। इसी दिन चोरों ने कपानी निवासी शिव सिंह गौर के घर से नकदी सहित पांच लाख के जेवर चोरी कर लिए थे।
24 अक्तूबर को चोरों ने मड़नापुर निवासी कन्हैया के घर से मोबाइल व 25 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। साथ ही पड़ोसी नरेंद्र का भी मोबाइल चोरी कर ले गए थे। 17 अक्तूबर को अमौली कुर्मिया निवासी किसान अभिषेक कटियार के खेत पर लगे सोलर प्लांट से चोर सोलर प्लेट खोल ले गए। वहीं 11 अक्तूबर की रात को खल्ला निवासी राजेंद्र कुमार द्विवेदी के घर से नकदी सहित दो लाख रुपये के जेवर व पड़ोसी सुमित बाथम के घर से नकदी सहित तीन लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी लेकिन पुलिस अभी तक एक भी मामले में खुलासा नहीं कर सकी है।
.............................
थाना मंगलपुर-
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मकनियापुर में दो फरवरी की रात को चोर किसान रामप्रकाश के घर से चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए थे। वहीं, पिपरी पतरहार निवासी मजदूर सुरेश कुमार राठौर के घर से 25 जनवरी की रात चोर तीन हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए थे। एक जनवरी को चोरों ने जुरिया गांव में धावा बोला। यहां चोर तेज सिंह की परचून की दुकान में सेंध लगाकर 4 हजार रुपये व सामान चोरी कर ले गए। पांच दिसंबर को चोरों ने कठारा में तीन घरों को निशाना बनाया। चोर शिशुपाल सिंह के घर से 55 हजार रुपये व जेवर, शिवध्यान सिंह के घर से 17 हजार रुपये व जेवर और उपेंद्र सिंह के घर से 60 हजार रुपये व जेवर चोरी कर ले गए। जबकि 26 नवंबर की रात को चोरों ने झींझक में सीमा सिंह के सूने मकार को निशान बनाकर 60 हजार रुपये सहित 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे। 17 नवंबर को नौवनपुरवा निवासी किसान विश्वनाथ के घर से चोर सात बकरियां व छह लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। इन मामलाें में से पुलिस ने कुछ में प्राथमिकी दर्ज की तो कुछ में प्राथमिकी दर्ज करना लाजमी नहीं समझा। फिलहाल पुलिस अभी तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
........................
वाहन चोर सक्रिय, नहीं हो पा रही कार्रवाई
जिले में वर्तमान समय में वाहन चोर भी सक्रिय हैं। चोर आए दिन सार्वजनिक स्थानों से लोगों की बाइक, साइकिल सहित अन्य वाहनों को चोरी कर ले रहे हैं। कई वारदातों में से पुलिस महज कुछ ही घटनाओं का खुलासा कर पाई है। इससे लोगों को बाजार या सार्वजनिक स्थानों पर भी चोरी की आशंका बनी रहती है।
...............
वर्जन............
जिले में चोरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। जिन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ है, उन मामलों में भी जांच की जा रही है। जल्द ही सभी घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। - राजेश पांडेय, एएसपी