फोटो संख्या 18
फोटो संख्या 19
- शातिरों के पास से पांच तमंचे, 13 कारतूस, एक पिस्टल, दो रिंच, पाना व गैस कटर बरामद
- चोरों ने टीम पर फायर कर दिया, पुलिस ने घेरकर पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बिजली टावर के एंगल चोरी करने के बाद उन्हें पिकअप व ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर जा रहे 10 चोरों को वैदपुरा पुलिस ने रेलवे रोड क्रासिंग के पास घेर लिया। चोरों ने टीम पर फायर कर दिया, पुलिस ने घेरकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए शातिरों के पास से टावर के 222 एंगल बरामद हुए हैं। बिजली विभाग और रेलवे की ओर से एंगल चोरी होने की पुलिस को सूचना दी गई थी, पकड़े गए आरोपी टावर लगाने का काम करते हैं, इसमें ठेकेदार भी शामिल है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बिजली विभाग व रेलवे के अधिकारियों ने बिजली के टावर से एंगल चोरी होने की सूचना दी थी। बिजली विभाग से 132 केवी सैफई-जसवंतनगर लाइन व सिरसागंज के दो टावरों से कुल 179 टावर के एंगल 14 क्विंटल चोरी हुए, इसके अलावा 132 केवी टीआर लाइन जसवंतनगर से रेलवे ट्रैक्शन सब स्टेशन के बीच लगे रेलवे के दो टॉवरों से दो क्विंटल के 43 एंगल चोरी हुए थे।
सोमवार सुबह एसओजी व वैदपुरा पुलिस ने चोरी के छह आरोपियों को छिमारा तिराहे से जसवंतनगर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेर लिया, तभी आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने घेर कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चार आरोपियों को बनामई मार्ग से गिरफ्तार किया गया, वह ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप में 222 एंगल लादकर बेचने की फिराक में थे। तलाशी में उनके पास से पांच तमंचे, 13 कारतूस, एक पिस्टल, दो रिंच, पाना व गैस कटर बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में शाहजहांपुर जिले के सिंधौली थाना के गंधरपुर गांव निवासी सुनील ने बताया कि वह बिजली टावर लगाने की ठेकेदारी करता है।
वह जसवंतनगर के डुढहा गांव के पास टावर लगाने का काम कर रहा था। अपने साथ काम करने वाले मजदूरों के साथ रात में टावरों से एंगल चोरी कर वाराणसी में बिक्री करता था। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम देकर पुरस्कृत किया है।
पकड़े गए आरोपियों के नाम
ठेकेदार सुनील, पप्पू उर्फ शरताज अहमद निवासी दाईपुर भवानीपुर थाना चोलापुर जनपद वाराणसी, प्रदीप कुमार उर्फ कल्लू, अमित कुमार, सूरज, अंकित निवासी ग्राम गंधरपुर थाना सिंधौली जनपद शाहजहांपुर, दीपक निवासी ग्राम मादा थाना चोलापुर जनपद वाराणसी, शकील अंसारी निवासी धरसोना थाना चोलापुर जनपद वाराणसी व दीपक, सुखदेव निवासी ग्राम जहरना थाना पुबायां जनपद शहाजहांपुर हैं।