सामुदायिक केंद्र की दरकी दीवारें देखते अतिरिक्त मजिस्ट्रेट।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर नगर पंचायत के शंकर दयाल नगर स्थित सामुदायिक केंद्र भवन की दीवारें दरकीं होने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित हुई थी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/प्रभारी ईओ ने भवन का निरीक्षण किया। यहां दीवारों पर गहरी दरारें मिलीं। शौचालय की दीवार भी दरकीं पाई गई। घटिया निर्माण पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने की बात अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने कही है। वहीं, भवन की मरम्मत का निर्देश जेई और लिपिक को दिया है।
अकबरपुर नगर पंचायत के शंकर दयाल नगर वार्ड में आदर्श नगर पंचायत योजना से वित्तीय वर्ष 2019-20 में 15.36 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र भवन बनवाया गया। भवन एक हजार रुपये किराये पर लोगों को उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन भवन बनने के कुछ दिन बाद ही दीवारों में दरारें आ गई। आंशिक हिस्सा ढहने की आशंका बनी है। अमर उजाला में 30 नवंबर को खबर प्रकाशित हुई थी। खबर छपने के बाद बुधवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/प्रभारी ईओ राजीव राज ने नगर पंचायत के जेई विजय प्रताप यादव व लिपिक राजेश कुमार के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। प्रारंभिक पड़ताल में सामुदायिक केंद्र भवन में घटिया निर्माण की बात सामने आई।
नगर पंचायत ने सिकंदरा निवासी ठेकेदार रामगोपाल की फर्म गोपाल कांट्रैक्टर को काम दिया था। ठेकेदार ने दो लाख रुपये जमानत राशि जमा कराई थी। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि मानक के अनुरूप काम नहीं कराने व भवन की दीवारों पर दरारें आने पर ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने का फैसला लिया गया है। सामुदायिक केंद्र भवन की दरकीं दीवारों की मरम्मतीकरण का निर्देश लिपिक को दिया है। यह कार्य जेई की देखरेख में होगा।