यूपी के मैनपुरी में दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। परिजनों ने सुबह 10 बजे चौकी पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई। पहले खुद खोजने की बात कहकर परिजन को लौटा दिया था।
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद में मासूम बच्ची को अगवाकर उससे हैवानियत के बाद हत्या करने के मामले में पुलिस की कार्यशैली फिर से सवालों के घेरे में है। परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते सक्रिय हो जाती तो शायद उनकी मासूम बच्ची की जान बच जाती।
विज्ञापन
सुबह बच्ची के अपहरण की सूचना के बाद भी पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे रिपोर्ट दर्ज की, फिर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन फिर कुछ नहीं मिला। दूसरे दिन उसका शव सीमा से सटे एक गांव के खेत में पाया गया।
गर्मी की छुट्टियां मनाने अपनी बुआ के गांव आई आठ वर्षीय बच्ची सोमवार को आम बीनने पास के बाग में गई थी। वहीं से लापता हो गई थी। परिजनों ने बताया कि उन्होंने तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी पर जाकर बच्ची के लापता होने की सूचना दी।
विज्ञापन
पुलिस ने उन्हें यह कहकर वापस कर दिया कि पहले खुद तलाश करें। परिजन घटनास्थल के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में बच्ची को तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। दोपहर तक बच्ची का कुछ पता न चलने पर परिजन फिर से पुलिस चौकी पहुंचे। इस बार पुलिस ने पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया।
पुलिस को सूचना शाम पांच बजे मिली थी। इसके बाद से पुलिस सक्रिय हुई। मामले की जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कराई गई।- राजेश कुमार द्विवेदी, सीओ मोहम्मदाबाद
मासूम की हत्या से आक्रोश लगाया जाम
मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के मामले में शनिवार देर शाम लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कायमगंज कोतवाली से चंद कदम दूर ट्रांसपोर्ट चौराहे पर परिजन और स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना दिया। सड़क जाम कर दी।
करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। भीषण गर्मी में राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की।
अधिकारियों के जल्द खुलासा करने के आश्वासन के बाद खोला जाम
मौके पर पहुंचे एसडीएम रविंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी संजय वर्मा ने लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों के वारदात का जल्द खुलासा करने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हुआ। सीओ ने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अपना काम कर रही है...
पिता के अनुसार वह दोपहर को दोबारा चौकी पहुंचे तो चौकी इंचार्ज ने यह कहकर लौटा दिया कि पुलिस अपना काम कर रही है। उन्हें भी आसपास के क्षेत्र में खोजबीन करने की नसीहत दी थी। इस बार परिजनों ने ही सुबह सात बजे से सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें बच्ची शुक्रवार की सुबह 8:15 बजे साइकिल से पैदल जा रहे अधेड़ के पीछे जाती नजर आई।
परिजनों ने बताया कि बच्ची के लापता होने की सूचना सुबह 10 बजे दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने रात 10:07 बजे रिपोर्ट दर्ज की। परिजन के अनुसार पुलिस सक्रिय होती तो शायद बच्ची जिंदा होती।