रसूलाबाद। घर पर सो रही छोटी बहन के लिए पंखा चालू करने के लिए बिजली बोर्ड में तार लगाने के दौरान एक मासूम करंट की चपेट में आ गया। चीख सुन दौड़ी दादी पड़ोसियों को बुलाकर उसे अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग मेला देखने गए थे। घर पर दादी व मासूम भाई बहन ही थे।
रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के नारखुर्द निवासी कपिल पांडेय पत्नी पूजा व अन्य परिवार के लोगों के साथ दशहरा मेला देखने रसूलाबाद गए थे। घर में उनका इकलौता बेटा रक्षित (7) व बेटी आकृति थी। दादी गोमती देवी घर के बाहर बैठी थी। इसी बीच रक्षित ने सो रही बहन के लिए पंखा चालू करने के लिए बोर्ड में तार लगाने लगा। तार लगाने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह जमीन पर गिरा व चीख निकल पड़ी। बाहर बैठी दादी दौड़ कर पहुंची। पड़ोसियों के साथ उसे सीएचसी रसूलाबाद ले जाया गया। जहां ईएमओ डॉ. बृजेश कुमार ने रक्षित को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से घटना के कारणों के बारे में जानकारी ली। मासूम की मौत पर मां पूजा व पिता कपिल का बुरा हाल है। परिवार के लोग ढांढस बंधाते दिखे। कोतवाली प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया की परिजनों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने की बात लिखकर दी गई। इसके बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया गया है।