रनियां। कस्बा स्थित एक फैक्टरी के सामने ढाबे पर टिनशेड लगाने के दौरान गिरकर घायल हुए मजदूर की शनिवार को इलाज के लिए कानपुर ले जाने के दौरान मौत हो गई।
गजनेर थाने के तरौंदा निवासी अरुण कुमार (40) रनियां पड़ाव स्थित एक फैक्टरी के सामने बीते सोमवार को टिनशेड लगा रहा था। तभी अचानक से वह ढाबे के पक्के फर्श पर आ गिरा। ढाबा संचालक शालू यादव ने उसे रनियां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आराम न मिलने पर शनिवार को परिजन उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में लेकर जा रहे थे। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।