कानपुर। जिले में वाहनों की फिटनेस जांच अब अत्याधुनिक तकनीक से होगी। बिठूर-चौबेपुर मार्ग स्थित किशुनपुर गांव में बने ऑटोमैटिक टेस्टिंग सेंटर (एटीएस) का इस माह के अंत तक संचालन शुरू हो जाएगा।
गुरुवार को आरटीओ (प्रशासन) राकेंद्र कुमार सिंह और मोटरयान निरीक्षक संतोष कुमार ने सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को फिटनेस जांच प्रक्रिया और कंप्यूटराइज्ड मशीनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एटीएस में वाहनों की फिटनेस जांच पूरी तरह स्वचालित होगी। इसके लिए डिजिटल रिपोर्टिंग सिस्टम, कैमरा निगरानी, ब्रेक टेस्ट, व्हील एलाइनमेंट, प्रदूषण जांच और टाइम-स्लॉटिंग सिस्टम लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने जलभराव वाले स्थान को ठीक कराने और तकनीकी खामियाें को दूर करने के निर्देश दिए। इसके शुरू होने से फिटनेस जांच प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित हो जाएगी, साथ ही दलालों पर लगाम लगेगी।