कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय समिति की बैठक शनिवार को शहर में प्रमुख सचिव श्रम उत्तर प्रदेश डॉ. एमके शन्मुगा सुन्दरम की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रतिष्ठान बंद होता है तो उसकी सूचना भविष्य निधि कार्यालय को दी जाए ताकि समय पर भविष्य निधि भुगतानों का निर्धारण किया जा सके। कर्मचारियों को भविष्य निधि और पेंशन की सुविधाएं मिल सकें।
प्रमुख सचिव ने कहा राज्य सरकार की ओर से आयोजित रोजगार मेले, निवेश समिट एवं एक्सपो में ईपीएफओ की सक्रिय भागीदारी की जाए और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए गठित उत्तर प्रदेश सेवा निगम से समन्वय किया जाए। उन्होंने हर महीने की 27 तारीख को होने वाले निधि आपके निकट कार्यक्रम को कलक्ट्रेट, जिला उद्योग कार्यालय या अथवा श्रम आयुक्त कार्यालय पर कराने के निर्देश दिए। संगठन के राज्य प्रभारी एवं अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बक्शी ने सहारनपुर, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में ईपीएफओ जिला कार्यालय के लिए भूमि की आवश्यकता पर चर्चा की। बैठक में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम कानपुर शाहिद इकबाल के अलावा भारतीय मजदूर संघ, इंटक, हिंद मजदूर सभा, भारतीय इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। (ब्यूरो)