योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना को अपने शहर कानपुर में पहुंचने से पहले कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ गया। लखनऊ-कानपुर फ्लाई ओवर के पास भीषण जाम लगा होने के कारण महाना की गाड़ी बीच में ही फंस गई। करीब दो घंटे तक महाना अपनी गाड़ियों के काफिले के साथ जाम में जूझते रहे। कहीं रास्ता नहीं दिखाई दी तो पैदल चलकर समर्थकों से मिलना उन्होंने मुनासिब समझा। कई किलोमीटर पैदल ‘परेड’ करने से पसीना-पसीना हुए महाना गर्मजोशी के साथ अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले।
कानपुर के रामादेवी चौराहे के पास लखनऊ-कानपुर फ्लाई ओवर की सड़क गुरुवार सुबह अचानक धंस गई थी। देखते ही देखते सैकड़ों गाड़ियां एक के पीछे एक करके जहां की तहां खड़ी हो गईं। उधर जाम खुलवाने के लिए तीन थानों की फोर्स लग गई। पुलिस को जब ये पता चला कि जाम में औद्योगिक विकास मंत्री भी फंसे हैं तो वाहनों को दूसरे रास्ते से निकालने के प्रयास शुरू किए गए।