कानपुर में इंडसइंड बैंक की सिविल लाइंस (कान चैंबर) शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला और कैशियर राहुल तिवारी बैंक में गबन की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार हैं। ग्वालटोली पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों के घर पर दबिश दी लेकिन कोई नहीं मिला। उधर, बैंक प्रबंधन की ओर से यहां नई शाखा प्रबंधक स्वाती श्रीवास्तव की तैनाती कर दी गई है।
ग्वालटोली पुलिस ने शाखा प्रबंधक से बैंक में लेनदेन संबंधी दस्तावेज तलब किए हैं। पिछले कई महीने का रोजाना का डिपॉजिट, कैश होल्डिंग लिमिट, करेंसी चेस्ट भेजी गई रकम आदि की जानकारी मांगी है। इसके अलावा पुलिस ने कुछेक कर्मचारियों से भी पूछताछ की लेकिन कोई स्पष्ट बात पता नहीं चली। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि एफआईआर में आरोपी शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला के पिता का नाम और घर का पता नहीं दिया गया था। बुधवार को यह दोनों जानकारी हासिल की गई और पूछताछ का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी न तो बैंक में मिले न ही घर पर।
बढ़ सकती है गबन की राशि
इंडसइंड बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक देवांजन गुहा ने मंगलवार को शाखा प्रबंधक, कैशियर और हनीश रामचंदानी नाम के युवक पर साठगांठ करके बैंक की करीब 4.5 करोड़ रुपये की पूंजी के गबन का आरोप लगाया। एसएसपी अनंत देव के आदेश पर ग्वालटोली थाने में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर के मुताबिक 10 से 25 अक्तूबर 2018 के बीच यह घोटाला हुआ। 26 अक्तूबर को बैंक का कैश चेक किया गया, तो पता चला कि खजाने से चार करोड़, 40 लाख, 40 हजार, 420 रुपये गायब हैं। यह रकम बैंक के रिकार्ड में हेरफेर करके पार की गई है। बैंक के सूत्र बताते हैं कि गबन की गई रकम बढ़ सकती है।