कानपुर। पहली बार तीन वनडे मैचों की सीरीज की मेजबानी करने जा रहे ग्रीनपार्क स्टेडियम में मंगलवार को भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए की टीम आमने-सामने होंगी। काली मिट्टी से बनी पांच नंबर पिच पर मैच होगा जिसे खासतौर पर बल्लेबाजों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस पिच पर गेंद को उछाल कम मिलता है जिससे यहां से चौके-छक्कों की बरसात होगी। मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। इस सीरीज में भी भारतीय टीम लखनऊ में हुए दो बहु दिवसीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली 1-0 की जीत का सिलसिला बरकरार रखना चाहेगी। वहीं लाल गेंद से हार के बाद आस्ट्रेलियाई टीम अब सफेद गेंद से उलटफेर करने को बेताब रहेगी।
तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए बीसीसीआई ने मोहाली के क्यूरेटर राकेश कुमार को स्थानीय क्यूरेटर शिवकुमार के साथ पिच तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। दोनों ने पिच से लेकर आउट फील्ड तक सभी कामों को बारीकी से कराया है। मैच में भारतीय टीम को कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा रियान पराग, रवि विश्नोई के अनुभव का फायदा मिलेगा।
अय्यर ने 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू इसी मैदान में किया था। इसके अलावा टीम के कोच ऋषिकेश कानिटकर और सुनील जोशी का बेहतरीन अनुभव इस मुकाबले में मेजबान टीम का पलड़ा भारी रखे हैं। प्रियांश आर्या, आयुष बदोनी, सूर्यांश भी बल्लेबाजी को मजबूती दे रहे हैं।
युद्धवीर सिंह, सिमरजीत सिंह, गुरजपनीत सिंह अपनी धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाएंगे। फिरकी किंग रवि विश्नोई के अलावा बाराबंकी के विप्रज निगम पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।
उधर वनडे मैच में वापसी को बेताब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने पिछले दो दिनों में कड़ा अभ्यास कर खुद को मुकाबले के लिए तैयार किया है। कोच टिम पैन को भारतीय परिस्थितियों का अच्छा खासा अनुभव है। टॉड मर्फी, हेनरी थॉरर्टन अपनी गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों परेशान करेंगे।
इसके अलावा टीम में शामिल भारतीय मूल के स्पिनर तनवीर सांघा भी अपनी छाप छोड़ेंगे। बल्लेबाज जैक एडवडर्स, जैक फ्रेजर-मैकगर्क, मैकेंजी हार्वे, लैचल्न शॉ ने भी अभ्यास के दौरान नेट्स पर जमकर पसीना बहाया है। आस्ट्रेलियाई टीम की सबसे बड़ी ताकत उसके चार ऑलराउंडर कूपर कोनोली, लियाम स्कॉट, हैरी डिक्सन और विल सदरलैंड हैं जो मैच का पासा कभी भी पलट सकते हैं।
पहले वनडे के लिए टीम
भारत ए : श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रियाग पराग, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युद्धवीर सिंह, रवि विश्नोई, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, सिमरजीत सिंह।
ऑस्ट्रेलिया टीम : कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, सैम इलियट, जैक फ्रेजर-मैकगर्क, मैकेंजी हार्वे, टॉड मर्फी, तनवीर सांघा, लियाम स्कॉट, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड, हैनरी थॉरर्टन, लाचलन हर्ने।