पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेई व पूर्व विदेश मंत्री स्व. सुषमा स्वराज पर फेसबुक पर अभद्र पोस्ट करने वाला युवक पटना (बिहार) का रहने वाला है। पटना के श्रीकृष्ण पुरी थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
दरअसल लाल बंगला, शिव कटरा निवासी नीरज हेस्टिंग्स ने साइबर सेल में शिकायत की थी कि चंद्र भानू यादव नाम के युवक ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर इन दोनों राजनेताओं समेत भाजपा के कई बड़े नेताओं व प्रधानमंत्री के बारे में अभद्र व अश्लील पोस्ट की है। साइबर सेल ने शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच शुरू की थी।
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि पटना में उसके खिलाफ मामला दर्ज है। इसलिए यहां मामला दर्ज न करके, डिटेल साझा की गई है। पटना पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस सर्विलांस की मदद ले रही है। हालांकि शहर पुलिस भी उसका पूरा डेटा खंगाल रही है।