कानपुर: भार्गव हॉस्पिटल के मालिक डॉ. शक्ति भार्गव और संजीव भार्गव से कारोबारी रिश्ता होने की वजह से आयकर विभाग की टीम ने शनिवार देर शाम को शहर के बिल्डर व रुद्रा समूह के मालिक अनूप अग्रवाल के ठिकानों पर भी छापा मारा। इनके कानपुर स्थित आवास और ऑफिस के अलावा लखनऊ व वाराणसी स्थित कार्यालयों पर भी जांच पड़ताल की गई।
आयकर विभाग के सूत्र बताते हैं कि डॉ. शक्ति भार्गव ने स्काई लाइन निर्माण प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में करीब आठ करोड़ रुपये का निवेश किया है, लेकिन डॉ. भार्गव यह नहीं बता सके कि इस रकम का स्रोत क्या है। इन्होंने इतनी रकम किस तरह से जुटाई है। स्काई लाइन निर्माण प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शहर के बिल्डर अनूप अग्रवाल की भी भागीदारी है। इस कनेक्शन में अफसरों ने अनूप अग्रवाल के प्रतिष्ठानों पर जांच शुरू कर दी।