कानपुर देहात। जनपद के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार को नवनिर्मित अत्याधुनिक अस्थि रोग शल्य चिकित्सा कक्ष का प्राचार्य ने टीम के साथ उद्घाटन किया।
प्राचार्य डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि पहले अस्थि रोग के ऑपरेशन छोटी आपातकालीन शल्य चिकित्सा कक्ष में होते थे। सीमित स्थान के कारण संक्रमण मुक्ति और बड़े ऑपरेशनों में तकनीकी चुनौतियां आती थीं। पर्याप्त जगह न होने से कई जटिल मामले कवर नहीं हो पाते थे। अब पूर्ण रूप से व्यवस्थित अस्थि रोग शल्य चिकित्सा कक्ष स्थापित हो गया है। यहां सी-आर्म यंत्र के माध्यम से हड्डियों के सभी प्रकार के बड़े ऑपरेशन सुगमता से किए जा सकेंगे। इस आधुनिक सुविधा से अब कानपुर देहात के मरीजों को बड़े शहरों की ओर भेजने की आवश्यकता नहीं होगी। अस्थि रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ यादव ने बताया कि पर्याप्त स्थान और आधुनिक उपकरणों से डॉक्टरों की टीम जटिल सर्जरी कर सकेगी। इससे स्थानीय जनता को सीधा लाभ मिलेगा। इस दौरान वरिष्ठ परामर्श दाता डॉ. वंदना सिंह, डॉ. जसवीर सिंह, डॉ. मनोज निगम, डॉ. अजीत, डॉ. नीना रायजादा, डॉ. अमिताभ अग्रवाल, डॉ. प्रतीक सक्सेना, डॉ. श्वेता श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी डाॅ. अराधना यादव आदि शामिल रहे।