कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित संडे क्रिकेट लीग सीजन-8 में बुधवार को नाइट स्कोर्चर्स ने राइजिंग कानपुर वॉरियर्स को पांच विकेट से हराया। दूसरे मैच में ब्लू वारियर्स ने डैम चार्जर्स को 88 रन से पराजित किया।
पीएसी मैदान पर खेले गए पहले मैच में राइजिंग कानपुर वॉरियर्स ने 29.5 ओवर में नौ विकेट पर 220 रन बनाए। टीम से सौरभ गुप्ता ने 40, संजय गुप्ता ने 36, कुनाल पांडेय ने 29 रन बनाए तो गेंदबाजी में निक्की मिश्रा ने चार और अर्पित ने दो को आउट किया।
इसके बाद नाइट स्कोर्चर्स ने 29.1 ओवर में पांच विकेट पर 222 रन बनाकर मैच जीता। जीत में अर्पित ने 80, आशीष कुमार ने 37 व अविनाश कुमार ने 32 रन की पारी खेली तो गेंदबाजी में अंकुश चौहान ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब अर्पित तिवारी को मिला।
गंगा बैराज स्थित बीसीए मैदान पर हुए दूसरे मैच में ब्लू वॉरियर्स ने 22 ओवर में नौ विकेट पर 202 रन बनाए। टीम से मनिंदर सिंह ने 80, विजय भान ने 32 रन बनाए तो गेंदबाजी में मोईन सिद्दीकी, डॉ. आकाश, प्रेम कुमार ने दो-दो विकेट झटके।
वहीं डैम चार्जर्स की टीम 22 ओवर में पांच विकेट पर 114 रन ही बना सकी। टीम से सर्वाधिक 36 रन अभिलाष चतुर्वेदी ने बनाए तो गेंदबाजी में इंद्र भूषण और ज्ञानेंद्र ने एक-एक विकेट लिया। प्लेयर ऑफ द मैच मनिंदर सिंह को चुना गया। यह जानकारी केसीए के सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।