कानपुर। बर्रा आठ निवासी रीना देवी ने बहू और मायके पक्ष के लोगों पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बेटे ने पारिवारिक कलह के चलते पांच फरवरी को घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी।
रीना के मुताबिक बेटे अमित की शादी मार्च 2019 में पनकी के मन्नीपुरवा निवासी राजकुमारी उर्फ शिखा से हुई थी। दोनों के पांच साल की बेटी रिधिमा है। आरोप है कि बहू के पिता विनोद, मां अनीता, भाई अतुल और अमन अमित पर अलग रहने का दबाव बना रहे थे। बेटे को जबरन मकान में हिस्सा मांगने और 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। ऐसा न करने पर दहेज के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी। गुजैनी थानाध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।