फोटो-10, घटनास्थल से बरामद किए गए बने व अधबने असलहा। स्रोत पुलिस
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गिरिरामपुर मार्ग पर पुलिस ने छापा मारकर अवैध शस्त्र फैक्टरी चलते हुए पकड़ी। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी भाग गया। पुलिस ने घटनास्थल से भारी संख्या में बने व अधबने असलहा बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
शनिवार रात कोतवाली मोहम्मदाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरिरामपुर जाने वाले मार्ग पर एक कमरे में छापा मारा। पुलिस को कमरे में शस्त्र फैक्टरी चलते मिली। मौके पर बने व अधबने असलहा के साथ ही उपकरण भी रखे थे। पुलिस ने रनवीर शाक्य निवासी गांव तकीपुर आंबेडकर नगर व रनपाल निवासी भरतपुर रसूलपुर कोतवाली मोहम्मदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
इनका तीसरा साथी रामशंकर जाटव निवासी कुसज्जापुर कोतवाली मोहम्मदाबाद मौका पाकर भाग गया। पुलिस को मौके से दो पौनिया, चार अधिया 315 व 12 बोर, 13 देशी तमंचा 315 व 12 बोर, पांच अधबनी नाल व शस्त्र बनाने के उपकरण मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मोहम्मदाबाद में शस्त्र फैक्टरी पकड़ी गई। रनवीर शाक्य पर पांच व रनपाल पर 11 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं।
फोटो-10, घटनास्थल से बरामद किए गए बने व अधबने असलहा। स्रोत पुलिस