करार दिखाते आईआईटी और न्यू मैक्सिको कंपनी के प्रतिनिधि।
- फोटो : स्रोत : संस्थान
कानपुर। आईआईटी की स्टार्टअप कंपनियों को वैश्विक बाजार मिल सके इस उद्देश्य से संस्थान के स्टार्टअप इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआइसी) ने शनिवार को न्यू मैक्सिको की एनमैक्सस कंपनी के साथ साझेदारी का एलान किया है। इस साझेदारी से विदेशी निवेशकों को भारतीय स्टार्टअप में निवेश के लिए आकर्षित किया जा सकेगा।
एसआईआईसी के प्रमुख व आईआईटी के प्रो. दीपू फिलिप ने अल्बुकर्क में न्यू मैक्सिको के गवर्नर मिशेल लुजान ग्रिशम के साथ सेलेक्ट यूएसए इन्वेस्टमेंट समिट का उद्घाटन किया। इसका प्राथमिक लक्ष्य विदेशी प्रत्यक्ष निवेश को आकर्षित करना और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को अमेरिकी बाजार में मजबूत उपस्थिति स्थापित करने में सहायता करना है। इस साझेदारी के तहत भारतीय स्टार्टअप कंपनियों को उत्तरी अमेरिकी बाजार के लिए तैयार एनमैक्सस के साफ्ट-लैंडिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, मेंटरिंग, विनियामक सहायता और व्यवसाय विकास सेवाओं का लाभ मिलेगा। प्रो. दीपू ने बताया कि न्यू मैक्सिको में अपनी तरह का यह पहला सेंटर है। सेंटर सालाना 40 कंपनियों को सेवा प्रदान करेगा, जिससे अगले पांच वर्ष में लगभग 1,500 नए रोजगार सृजित होंगे और 400 मिलियन डालर से अधिक का आर्थिक कारोबार होगा।