कानपुर। जरूरतमंदों के घरों तक राशन पहुंचाने के लिए आईआईटी ने टोल फ्री नंबर 18003134090 जारी किया है। फोन करने वाले का नाम गुप्त रखते हुए कानपुर परिवर्तन फोरम और आईआईटी कैंपस हाट के सदस्य उसके घर तक राशन का पैकेट पहुंचाएंगे।
शुक्रवार को निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने आईआईटी में बने कॉल सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि कई ऐसे लोग भी हैं जो जरूरतमंद होते हुए भी किसी के सामने हाथ नहीं फैलाते। ऐसे लोगों की इस कॉल सेंटर से सहायता मिल पाएगी। बताया कि परिवर्तन संस्था के अनिल गुप्ता के सहयोग से एप भी विकसित किया जा रहा है। इसे सहयोग नाम दिया गया है। एप से नौकरी खोने वाले जरूरतमंदों को राशन तो मिलेगा ही, साथ ही समय आने पर उनकी कौशल क्षमता के अनुरूप जॉब भी मुहैया कराई जाएगी। संस्थान के प्रो. जयंत सिंह ने बताया कि हर पैकेट में तीन से चार सप्ताह का राशन है। इस दौरान प्रो. ओंकार दीक्षित, प्रो. संदीप संगल, प्रो. शिखर झा, रीता सिंह मौजूद रहीं।