बारीकियां समझने के बाद राजनाथ सिंह ने इसे सराहा। आईआईटी के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. अभिषेक की देखरेख में इसे तैयार किया गया है। अभिषेक के मुताबिक डिजाइन भी सेना को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसमें मेडिकल किट बॉक्स के साथ सीबीआरएनई सेंसर, लिडार तकनीक के अलावा कई अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का प्रयोग हुआ है।
हेलीकॉप्टर की डिजाइन सेना को ध्यान में रखते हुए तैयार की गयी है। इसमें विशेष कैमरे लगाए गए हैं, जो सेंसर से जुड़े हैं। यह 15 किमी की दूरी से भी वीडियो डाटा आसानी से भेज सकता है। शो में आईआईटी कानपुर का स्टार्टअप इंड्योरएयर हेलीकॉप्टर भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
प्रो अभिषेक ने बताया कि हेलीकॉप्टर माइनस 20 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच आसानी से काम कर सकता है। यानी सियाचिन से लेकर राजस्थान के रेगिस्तान में अपनी सुविधाएं दे सकेगा। सूत्रों का कहना है कि रक्षामंत्री के अलावा विदेशों के वैज्ञानिकों ने भी इसमें काफी रुचि दिखाई।