समाज से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने वाले आईआईटी कानपुर के तीन स्टार्टअप ने देश के टॉप 10 स्टार्टअप्स की सूची में स्थान बनाया है। यह सूची द बेटर इंडिया संस्थान की ओर से जारी की गई है। इसमें हवा को शुद्ध करने वाला एयर्थ, रीयूज किए जाने वाले कैथेटर बनाने वाली इनक्रिडिबल डिवाइस और मजदूरों को रोजगार दिलाने वाला लेबर चौक स्टार्टअप शामिल हैं। आईआईटी कानपुर का स्टार्टअप इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर (एसआईआईसी) स्टार्टअप कैपिटल के रूप में स्थापित हो चुका है। वर्तमान में सेंटर में 521 से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिनकी कुल वैल्यूएशन लगभग 12 हजार करोड़ रुपये आंकी गई है।
इनमें 150 से अधिक महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप भी शामिल हैं। एसआईआईसी में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिफेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, एग्रीटेक, हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक्स, क्लीन एनर्जी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सुरक्षा और मेडटेक सेक्टर में काम करने वाले स्टार्टअप शामिल हैं। इस साल तीन स्टार्टअप ने देश भर में नाम रोशन किया है। प्रोफेसर इन चार्ज प्रो. दीपू फिलिप ने कहा कि तीनों स्टार्टअप समाज के बड़े वर्ग के लिए लाभकारी तकनीक विकसित कर रहे हैं और यह आईआईटी कानपुर के लिए गर्व का विषय है।