कानपुर। शिक्षा और शोध क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईआईटी कानपुर और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी (वीएनयू) ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए है। इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित चिकित्सा जांच, अस्पताल प्रबंधन, भाषा सीखने की तकनीक, स्मार्ट सिटी विकास, इमारतों की गुणवत्ता परीक्षण, नई सामग्री की खोज और निर्माण तथा ड्रोन तकनीक जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध और विकास को गति मिलेगी।
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि वियतनाम का शोध क्षेत्र पर्यावरण इंजीनियरिंग, सतत ऊर्जा और स्मार्ट सिटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। दोनों संस्थानों की साझेदारी से शैक्षणिक और शोध गतिविधियों में नए आयाम जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों की विशेषज्ञता का उपयोग कर व्यावहारिक समाधान विकसित करना है जिससे भारत और वियतनाम दोनों को लाभ हो सके।
वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधिमंडल में उप-रेक्टर डॉ. गुयेन थू हुओंग, सिविल इंजीनियरिंग संकाय के डीन प्रो. गुयेन दिन्ह डुक और व्याख्याता डॉ. ट्रान क्वोक कुआन शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आईआईटी के उन्नत शोध प्रयोगशालाओं का भी दौरा किया।