कानपुर। आईआईटी कानपुर में 2025–26 बैच के स्नातक छात्रों के लिए फेज-1 कैंपस प्लेसमेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्टूडेंट्स प्लेसमेंट ऑफिस की ओर से आयोजित इस चरण में देश-विदेश से विभिन्न क्षेत्रों की 250 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया और कुल 1,202 ऑफर दिए। इसमें छात्रों ने 1,079 ऑफर स्वीकार किए, जिसमें प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) भी शामिल हैं। इस वर्ष भी प्लेसमेंट प्रक्रिया ऑन-कैंपस, वर्चुअल और हाइब्रिड माध्यमों में आयोजित की गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 15 छात्रों को यूरोप, जापान, कोरिया और अमेरिका की कंपनियों से ऑफर प्राप्त हुए। संस्थान को उम्मीद है कि मध्य जनवरी 2026 से शुरू होने वाले फेज-2 प्लेसमेंट में वैश्विक अवसर और भी बढ़ेंगे। प्लेसमेंट में एक्सेंचर, एयरबस, अमेरिकन एक्सप्रेस, ब्लैकरॉक, बोइंग, डेटाब्रिक्स, डॉयचे बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, मास्टरकार्ड, मीशो, नावी, पीडब्ल्यूसी, क्वालकॉम, सैमसंग, इनमोबी और स्क्वेयर पॉइंट कैपिटल जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने भर्ती की।
इसके साथ ही बीपीसीएल, बीईएल, मिधानी और ईआईएल जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थान और अग्रणी कंपनियों के बीच मजबूत सहयोग का परिणाम है। स्टूडेंट्स प्लेसमेंट ऑफिस के अध्यक्ष प्रो. अश्विनी कुमार ठाकुर ने रिक्रूटर्स को उनके निरंतर सहयोग और संस्थान की प्रतिभा पर विश्वास के लिए धन्यवाद दिया।