प्रयागराज स्टेशन की तरह अब सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे यात्रियों को एयरपोर्ट की तरह बोर्डिंग पास जारी किए जाएंगे। टिकट कन्फर्म होने पर भी अगर यात्री के पास बोर्डिंग पास नहीं होगा तो उसे यात्रा करने की अनुमति नहीं मिलेगी।
एक सप्ताह के अंदर सेंट्रल से जाने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों के लिए फिलहाल यह पास जारी किया जाएगा। कोरोना संक्रमण को रोकनेे के लिए यह सुविधा तीन दिन पहले प्रयागराज स्टेशन पर शुरू की गई है। स्टाफ को टिकट को बार-बार चेक न करना पड़े, इसके लिए टिकट बुक कराने पर यात्री के मोबाइल पर क्यूआर कोड भेजने की व्यवस्था शुरू की जा रही है।
इसी क्रम में स्टेशन के मुख्य द्वार पर काउंटर बनाकर मशीन लगाई जाएगी। इसमें यात्री टिकट का पीएनआर नंबर बोलेगा या क्यूआर कोर्ड स्कैन करेगा तो बोर्डिंग पास मशीन से ही निकल आएगा जिसमें नाम समेत सभी जानकारी होगी।
गेट पर तैनात स्टाफ काउंटर के कैमरे से इसकी चेकिंग करके यात्री को स्टेशन में प्रवेश दे देगा। इसके बाद ट्रेन के अंदर भी यात्री को टिकट चेक कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टीटीई विशेष परिस्थितियों में ही टिकट चेक करेगा। इससे मैनपॉवर भी घटेगा।
प्रयागराज में बोर्डिंग पास सुविधा शुरू होने के बाद इसी सप्ताह सेंट्रल स्टेशन पर भी इसे शुरू करने की योजना है। हालांकि शुरुआत में कुछ प्रमुख ट्रेनों से पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस प्रक्रिया को शुरू कराएंगे।
- हिमांशु शेखर उपाध्याय, निदेशक, कानपुर सेंट्रल