आईआईटी कानपुर के सिडबी इंक्यूबेशन एंड इनोवेशन सेंटर ने बायोटेक्नोलॉजी इग्नीशियन ग्रांट के लिए सोमवार को नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी, मेडिकल टेक्नोलॉजी, बायो-फार्मा और बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में स्टार्टअप करने के लिए 50 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
इसके लिए 15 फरवरी तक आपको आईआईटी में आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए आपको अपना स्टार्टअप आइडिया bioincubator@iitk.ac.in पर ई-मेल के जरिये भेजना होगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ आइडिया को 50 लाख रुपये अनुदान के साथ तकनीकी मदद, बिजनेस मेंटरिंग भी दी जाएगी। अधिक अनुदान की जरूरत पड़ने पर बड़े निवेशकों से आपकी बातचीत कराई जाएगी। सिडबी के प्रभारी इंचार्ज प्रो. अमिताभ बंदोपाध्याय ने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत हर आयु वर्ग के लोग आवेदन कर सकते हैं। बेहतर आइडिया को चयनित करके उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा।
नई तकनीकों से मिलेगी सहूलियत
प्रो. बंदोपाध्याय ने बताया कि इस प्रोग्राम के तहत उन्हीं विषयों को चयनित किया गया है जिनसे आम लोगों का सीधा सरोकार है। ये स्टार्टअप कंपनियां शुरू होंगी तो समाज में भी बदलाव संभव होगा। कृषि, मेडिकल, फार्मेसी जैसे क्षेत्र में नई तकनीकें आने से आम लोगों को सहूलियत मिलेगी।