इटावा। शहर की बाइस ख्वाजा सड़क के चौड़ीकरण का काम डेढ़ साल से अधर में लटका है। बीते वर्ष जनवरी में इस सड़क के चौड़ीकरण की स्वीकृति मिल गई थी। फरवरी 2024 में काम शुरू होते ही वन विभाग ने एनओसी नहीं लेने की बात कहकर काम बंद करा दिया। अब वन विभाग की ओर से एनओसी मिल गई है तो निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार ने काम कराने से इन्कार कर दिया है। लोनिवि का कहना है कि यदि ठेकेदार ने जल्द काम शुरू नहीं किया तो दोबारा से टेंडर निकाला जाएगा।
बता दें कि बाइस ख्वाजा सड़क वर्तमान में साढ़े पांच मीटर चौड़ी है। यह सड़क शहरवासियों के साथ ही आगरा से ग्वालियर हाईवे पर जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग पर सफारी पार्क पड़ने की वजह से आवाजाही ज्यादा रहती है। नुमाइश के समय इस पर वाहनों का दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में काफी समय से इस सड़क को चौड़ा कराने के प्रयास किए जा रहे थे। कई बार प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जनवरी 2024 में सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन ने पास कर दिया। लगभग तीन करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत कर दी।
लोक निर्माण विभाग खंड एक की ओर से सड़क का टेंडर निकालकर चौड़ीकरण का काम शुरू कराया गया। इस बीच वन विभाग की ओर से लोकनिर्माण विभाग को नोटिस भेजकर काम बंद करा दिया गया। नोटिस में कहा गया कि लोक निर्माण विभाग ने सड़क के चौड़ीकरण के संबंध में एनओसी नहीं ली है। करीब डेढ़ साल बाद वन विभाग की ओर से सड़क के चौड़ीकरण के लिए एनओसी जारी की गई है। जब लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार से दोबारा काम शुरू करने की बात कही तो उसने समय अधिक होने की बात कहते हुए काम करने से मना कर दिया।
नुमाइश पंडाल से ग्वालियर बाईपास को जोड़ने वाली 1.75 किमी लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण में बाधक बन रहे 12 पेड़ों को काटा जाएगा। हालांकि, वन विभाग की ओर से इस संबंध में लोकनिर्माण विभाग से क्षतिपूर्ति ले ली गई है।
फोटो 27:: लोगों की समस्याओं का ध्यान रखें जिम्मेदारबाइस ख्वाजा रोड के चौड़ीकरण से बड़ी संख्या में राहगीरों को सहूलियत मिलेगी। डेढ़ साल में सड़क के चौड़ीकरण का काम लटका है। अधिकारियों को लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इस सड़क का जल्द ही चौड़ीकरण करवाना चाहिए।
- मोहम्मद मुस्तकीम राईन, समाजसेवी
फोटो 28:: चौड़ीकरण से बढ़ेगा व्यापार
- सड़क के चौड़ीकरण से मार्ग पर पड़ने वाले दुकानदारों के व्यापार में इजाफा होगा। नुमाइश के समय अधिक आवाजाही रहती है, इसके चलते जाम के हालात भी हो जाते हैं। इस समस्या का समाधान होना चाहिए। - विकास कुमार
बीते दिनों वन विभाग की ओर से सड़क के चौड़ीकरण के लिए एनओसी मिल गई है। कैंपा मद में जो धनराशि जमा करनी होती है, उसे भी जमा कर दिया गया है। लंबे समय से काम बंद होने के कारण ठेकेदार काम करने से आनाकानी कर रहा है। इस संबंध में उसे नोटिस जारी किया गया है। अगर जल्द काम शुरू नहीं किया तो टेंडर निरस्त करके दोबारा से टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।
- संजीव कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण खंड एक