कानपुर देहात। जिले में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति 51 फीसदी पर टिकी है। जिन किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है उनकी सम्मान निधि की आगे की किस्त रुक सकती है।
उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव ने बताया कि जिले में 3.48 लाख किसान हैं। इसमें से 3.30 लाख किसानों का सत्यापन किया गया है। इन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जानी है। किसान जनसेवा केंद्र या फिर सीधे मोबाइल फोन से फार्मर रजिस्ट्री कर सकते हैं। जिले में अभी तक करीब 1.9 लाख किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री कराई है। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से कृषि अनुदान की योजनाओं का लाभ जारी रहेगा। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है उन्हें आगे किसान सम्मान निधि नहीं मिलेगी।
वहीं उर्वरक, बीज, कृषि रक्षा रसायन तथा कृषि यंत्र पर अनुदान का लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि आधार और खतौनी में दर्ज नाम में अंतर है तो खतौनी के अनुसार आधार में नाम संशोधित करा कर फार्मर रजिस्ट्री कराई जा सकती है। ऐसे किसान आधार के अनुसार ही खतौनी में नाम संशोधन का विकल्प भी चुन सकते हैं। जल्द ही गांवों में शिविर लगाकर फार्मर रजिस्ट्री शुरू की जाएगी।