हरदोई जिले में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम बिहगवां में मंदिर के निकट कच्ची शराब बनाने से रोके जाने से नाराज लोगों ने मंदिर में स्थापित मूर्तियां ही क्षतिग्रस्त कर दीं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। तहरीर के आधार पर तीन सगे भाइयों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिहगवां निवासी राधेश्याम अग्रिहोत्री ने लगभग 10 वर्ष पहले अपने खेत में शिव मंदिर का निर्माण कराया था। यहां शिवलिंग के अलावा अन्य देवताओं की मूर्तियां भी प्रतिष्ठित की गई थीं। राधेश्याम अग्रिहोत्री के पुत्र विमलेश अग्रिहोत्री के मुताबिक 11 जून की रात कुछ लोगों ने मंदिर में स्थापित शिवलिंग सहित अन्य मूर्तियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।