कानपुर के बर्रा थानाक्षेत्र में नाम बदलकर भाई से दोस्ती फिर बहन से छेड़छाड़ करने के मामले में आईबी ने अपने स्तर से पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर थाने में बुलवाकर उन्हें बदनामी का डर दिखाकर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी युवक ने साथियों संग भाई को पीट दिया था। पीड़ित युवक ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं संग थाने में तहरीर दी थी। जिसमें आरोप लगाया था कि आरोपी गैर धर्म का है, उसने पहले खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की फिर उसकी बहन से छेड़छाड़ करने लगा।
पुलिस गैर समुदाय का मामला होने के चलते इसे दबाने में लग गई और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अखबारों में खबर प्रकाशित हुई तो मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया। आईबी ने मामले की जानकारी जुटाई तो उसे पुलिस से मारपीट का मामला होने की जानकारी दी गई।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें पूरे परिवार समेत शुक्रवार को थाने बुलाया और छेड़छाड़ वाली बात तहरीर से हटाने को कहा। सिर्फ मारपीट की तहरीर में आरोपी के पिता को हिरासत में लेकर संतुष्ट करने का प्रयास किया। सीओ गोविंद नगर विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट व एससीएसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। अगर पीड़िता की कोई शिकायत है तो वह प्रार्थना पत्र दे सकती है, जिस पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।