सरसौल विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय घाटूखेड़ा में तैनात शिक्षक विनोद कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार सुबह वायरल हुआ। शिक्षकों के व्हॉट्सएप ग्रुप में भेजे गए 1.43 मिनट के वीडियो में विनोद ने प्रधानाध्यापिका पूनम शाह पर डेढ़ वर्ष से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इसके बाद शिक्षक ने एक व्हॉट्सएप ग्रुप पर लिखा कि मैं अभी स्कूल में फांसी लगाने जा रहा हूं। इसके जिम्मेदार लापरवाह बीईओ और संबंधित अधिकारी होंगे। चैट वायरल होते ही हड़कंप मच गया।
शिक्षक ने आरोप लगाया कि इस मामले में वह खंड शिक्षा अधिकारी से लेकर बीएसए तक से शिकायत कर चुका है लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही। बड़ी संख्या में शिक्षकों ने ग्रुप में ही उसे समझाना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ साथी शिक्षक विनोद से मिलने स्कूल पहुंच गए। पीड़ित शिक्षक ने बताया लगभग डेढ़ वर्ष पहले भी महाराजपुर थाने में प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन प्रधानाध्यापिका को महिला होने का फायदा मिला। पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही बेइज्जत किया। तब से कक्षाएं अलग चलती थी और कभी एक दूसरे से बातचीत नहीं हुई।