"मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है। मैं अपने धर्म के रास्ते चलूंगा..." यह बोलते हुए एक वीडियो बनाकर कानपुर जिले के पनकी रतनपुर के युवक ने गुरुवार को फंदा लगाकर जान दे दी। हालांकि, पहले परिजनों ने अंधविश्वास के चलते सुसाइड की बात कही थी लेकिन शुक्रवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धर्म परिवर्तन करने के दबाव में सुसाइड का आरोप लगाया।
परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर आधे घंटे हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। रतनपुर निवासी रोहित सिंह (23) के पिता करन की मौत कुछ समय पहले हो चुकी है।
रोहित परचून की दुकान चलाता था। परिजनों ने बताया था कि युवक की एक सप्ताह से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह मकान बेचकर कहीं और रहने की बात कर रहा था। वहीं, घटना के दूसरे दिन युवक का एक वीडियो सामने आया है। इसमें उसने धर्मांतरण का दबाव बनाए जाने की बात कही।